रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा सदर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में आंधी से काफी नुकसान हुआ है. गुरुवार शाम अचानक आये आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश के कारण गाईसुटी पंचायत के कांकी, चिमीहातु, लोकेहातु में 32 लोगों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई और लोगों के घरों को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है. इस हादसे में एक बच्चे का हाथ भी टूट गया है. स्थानीय लोगों ने इस संबंध में स्थानीय विधायक सह मंत्री दीपक बिरुआ को दूरभाष पर जानकारी दी. इसके बाद मंत्री बिरुआ ने स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को तुरत स्थिति जायजा लेने का निर्देश दिया. बीडीओ ने लोगों की हुई क्षति का सर्वे कराकर उन्हें मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर मंत्री श्री बिरुआ ने रांची से लौटने के बाद रविवार को कांकी पहुंचे एवं पीड़ित परिवारों को तिरपाल एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं मुहैया कराईं. मंत्री ने कहा कि आंधी तूफान यहां के लोगों की कमर तोड़ दी है. जल्द ही भारी बारिश तूफान एवं ओलावृष्टि से लोगों के घरों को हुई क्षति का सर्वे पूरा करा कर उन्हें उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा. सहायता पाकर पीड़ित परिवारों ने मंत्री का आभार प्रकट किया. मौके पर मुखिया अनीता तियू, झामुमो नेता मानाराम कुदादा, मंगल सिंह तियू समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



