
चक्रधरपुुुर : पश्च्चिम सिंहभूम के बंदागांव प्रखंड के कराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटी गांव के समीप स्थित लाइन होटल मालिक के उपर चार पीएलएफआई संगठन के सदस्यों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल व्यक्ति को कराईकेला पुलिस ने इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया. जानकारी के मुताबिक नकटी गांव निवासी राजेंद्र महतो अपने लाइन होटल में सुबह भोजन तैयार कर रहा था. इस दौरान सुबह करीब आठ बजे दो 220 पल्सर बाइक में चार हथियारबंद नक्सली होटल पहुंचे और नाश्ते में समोसा मांगा. इस बीच लाइन होटल के मालिक राजेंद्र महतो ने कहा कि लाइन होटल में समोसा नहीं मिलता है. होटल में दोपहर के लिए दाल-चावल व सब्जी आदि तैयार हो रहा है. इस पर चारों अपराधियों ने राजेंद्र महतो के साथ मारपीट की और एक अपराधी ने बंदूक (रिवल्वर) निकाल कर तान दिया. इस दौरान राजेंद्र महतो व अपराधी के साथ झड़प हुई. जिसमें अपराधी ने राजेंद्र महतो के सिर पर बंदूक के बट से वार कर घायल कर दिया. मारपीट के बाद होटल में भोजन तैयार कर रहे कारीगर के साथ भी मारपीट की. होटल में रखे सभी सामानों को तोड़ दिया गया. घायल अवस्था में राजेंद्र महतो होटल से ईट्ट भट्टा की तरफ भागकर अपनी जान बचाई. जबकि राजेंद्र महतो के पत्नी होटल के एक कमरे को बंद कर अपने को बचाया. अपराधियों ने राजेंद्र के सिर पर वार कर लहू-लूहान कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद चारों अपराधियों ने बंदूक लहराते हुए नकटी की ओर गया और वहाँ पेयजल आपूर्ति योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के कार्य को रोक दिया साथ ही कार्य मे लगे जेसीबी वाहन के छक्के में चार गोली मार कर काम बंद करने का धमकी भी देकर जंगल तरफ भाग गए. घटना की सूचना मिलने के बाद कराइकेला पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायल राजेंद्र महतो को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा. जहां राजेंद्र महतो का प्राथमिक उपचार किया गया. पुलिस राजेंद्र महतो से पूछताछ कर अपराधियों को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है.






