रामगोपाल जेना/चाईबासा : मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पुर्ती ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के तूफानी दौरा किया. इस दौरान उन्होंने तीन योजनाओं का शिलान्यास और दो का उद्घाटन भी किया. इसकी जानकारी देते हुए विधायक निरल पुर्ती ने कहा कि कुमारडुंगी के खंडखोरी गांव में एक पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास, मझगांव प्रखंड के नयागांव पंचायत के दामोदर साईं गांव में पीसीसी सड़क का शिलान्यास, खड़पोस पंचायत के बेनीसागर मुख्य सड़क से डाक बंगला होते हुए पुरातत्व स्थल तक पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया गया, जबकि नयागांव स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के लिए सरकार की ओर से दिये जाने वाले बेड के उद्घाटन के साथ ही मझगांव कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में ओपन जिम, वॉलीबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान विधायक ने कहा कि मझगांव विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों की मांग पर पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आम जनता को पंचायत, प्रखंड मुख्यालय आने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. किसी भी क्षेत्र का विकास बेहतर सड़क के जरिये होता है. इसी को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर पंचायतों में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है. सड़क निर्माण करने वाले संवेदक समय और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए अपना कार्य पूरा करें. (नीचे भी पढ़ें)

झारखंड सरकार की ओर से आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की पढ़ाई के साथ ही शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है. इसी के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ओपन जिम का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि छात्राएं पढ़ाई के साथ ही शारीरिक व्यायाम भी कर सकें, वहीं सरकार खेलकूद के जरिए आगे बढ़ने का मौका भी प्रदान कर रही है, इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ छात्राओं को उठाना चाहिए. विधायक ने कहा कि राज्य में आम जनता को पूरी सुविधा मिल सके इसको लेकर झारखंड सरकार जिला मुख्यालय , प्रखंड मुख्यालय में सभी स्वस्थ सुविधा दे रही है.(नीचे भी पढ़ें)
अब पंचायत में भी औषधि केंद्र खोलकर आम जनता को घर पर ही दवा मुहैया कराने को तैयार है. पंचायत में ही जरूरतमंद लोग दवा ले सकते हैं. दूसरा दवा केंद्र स्थानीय पंचायतवासी ही खोल सकते हैं. इससे बेरोजगारों को रोजगार का एक बेहतर मौका मिल जाएगा. इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सुनील सिरका, मझगांव जिला परिषद सदस्य पूनम जेराई, मझगांव प्रखंड प्रमुख सरस्वती चातर, राजेश पिंगुआ, गोकुल पलाई, मो मोजाहिद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.



