रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड में हेमंत सरकार के नेतृत्व में सड़क-पुलिया निर्माण में वृद्धि हुई है. लोकेसाई से रेंगड़ाहातु स्कूल चौक तक सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उक्त बातें आज टोंटो प्रखण्ड के बड़ा झींकपानी टोटा मैदान चौक में लोकेसाई से रेंगड़ाहातु स्कूल चौक तक 25 किलोमीटर तक बननेवाली सड़क के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि, मंत्री दीपक बिरुआ ने कहीं. श्री बिरुआ ने कहा कि कोल्हान आंदोलनकारी नेता स्व केसी हेंब्रम के समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जाती रही है. क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी होने जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अधीन वन विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जल्द नहीं मिलने के कारण झारखंड में सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है. आज भी फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण कई सड़कें लंबित हैं, लेकिन बिना फॉरेस्ट वाले क्षेत्रों में सड़कें लगातार बन रही हैं. श्री बिरुआ ने कहा कि टोंटो प्रखंड के जंगल क्षेत्र में आनेवाले कई गांवों को जोड़ने के लिए आनेवाले दिनों में और सड़कें बनाई जाएंगी, जिसके लिए हेमंत सरकार कटिबद्ध है.



