
चाईबासा : बीते दो अगस्त को पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के पास तथा बांझीकुसुम में भाकपा माओवादियों द्वारा बैनर पोस्टर लगाए जाने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने राजेश गोसायं दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सबंध में चाईबासा पुलिस अधीक्षक अजय लिण्डा को गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आलोक में चाईबासा पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए चक्रधरपुर थाना अन्तर्गत सोनुवा मोड़ चेकनाका के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। वाहन चेकिंग के दौरान एक पल्सर मोटरसाईकल चेकिंग स्थल से कुछ पहले संदिग्ध अवस्था में आकर रुकी। पुलिस पार्टी को अपनी ओर आता देख मोटरसाईकिल पर सवार दो व्यक्ति भाग गए जबकि एक व्यक्ति राजेश दास गोसाई को पुलिस द्वारा पकड लिया गया । पुलिस द्वारा पकड़े गए राजेश दास गोसाई के पास से प्रतिबंधित संगठन भाकपा ( माओ ) का लाल कपड़े पर सफेद पेंट से अंकित दो बैनर बरामद किया गया । इस आलोक में राजेश दास एवं उसके दो अन्य सहयोगियों के विरुद्ध चक्रधरपुर थाना काण्ड सं0- 81/2021 मंगलवार को सुसंगत धाराओं के अंतर्गत दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया है। गिरफ्तार राजेश दास ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि उसने प्रतिबंधित संगठन भाकपा ( माओ ) द्वारा घोषित शहीद सप्ताह के दौरान पोटका के पास एसडीपीओ कार्यालय बोर्ड एवं बांझीकुसूम पुलिया पर दो अगस्त की रात्रि में अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित संगठन भाकपा ( माओ ) का बैनर लगाया था । इसके अलवा उसके द्वारा पूर्व में भी चक्रधरपुर , कराईकेला , टोकलो थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित संगठन भाकपा( माओ ) का बैनर पोस्टर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लगाने की बात स्वीकार की गयी है।
ये थे वाहन चेकिंग टीम में शामिल
पुनि सह थाना प्रभारी चक्रधरपुर थाना प्रवीण कुमार, पुअनि ओमकार पाल,पुअनि राहुल कुमार राम, पुअनि सुरेन्द्र कुमार एवं थाना सशस्त्र बल।







