
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने जिले के मनोहरपुर के आनंदपुर थानांतर्गत बोरोतिका गांव के भुइयां टोला से प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के एरिया कमाण्डर सुजीत कुमार राम उर्फ साहू जी एवं संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही उनके पास से रायफल, दोनाली बंदूक, कारतूस आदि बरामद किया है. जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस अधीक्षक अजय लिण्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफ आई उग्रवादी संगठन का एरिया कमाण्डर सुजीत कुमार राम उर्फ साहु जी अपने दस्ता के सदस्यों के साथ आनन्दपुर थाना अंतर्गत ग्राम बोरोतिका, भुइयां टोला में एक नवनिर्मित घर में ठहरा हुआ है. सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवई के लिए पुलिस अधीक्षक श्री लिंडा के निर्देश पर मनोहरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वाग्व किड़ो के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. दल द्वारा ग्राम बोरोतिका भुइयां टोला थाना आनन्दपुर में घेराबंदी कर छापामारी की गयी, जिसके क्रम में एक नवनिर्मित मकान से तीन व्यक्तियों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया. पूछताछ के क्रम में उन्होंने अपना नाम सुजीत कुमार राम उर्फ साहु जी, राजू भुइयां और महावीर सिंह बताया. पूछताछ के क्रम में सुजीत कुमार राम उर्फ साहु जी ने अपने आपको प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई का एरिया कमाण्डर एवं राजू भुइयां व महावीर सिंह को अपने संगठन पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य बताया. (नीचे भी पढ़ें)
उल्लेखनीय है कि सुजीत कुमार राम उर्फ साहु जी झारखण्ड सरकार के द्वारा घोषित इनामी नक्सली है, जिन पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित है. सुजीत कुमार राम उर्फ साहु जी पीएलएफआई उग्रवादी संगठन का एरिया कमाण्डर है, जो चाईबासा, सिमडेगा, खूंटी जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंक का पर्याय है. इस संबंध में आनन्दपुर थाना कांड में भादवि की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. तीनों के पास से पांच रायफल, 17 जिन्दा कारतूस, पांच मैगजीन, एक देशी पिस्टल, 17 जिन्दा कारतूस, दो मैगजीन, एक डीईबीएल दोनली बंदूक, डीईबीएल बंदूक का आठ चक्र जिन्दा कारतूस, 30 पीस 62X25एमएम जिन्दा कारतूस, तीन वायरलेस सेट, एक वॉकी-टॉकी चार्जर, आठ मोबाइल, बीएसएनएल के दो सिम कार्ड, एक चार्जर, तीन पावर बैंक, 50 हजार रुपये आदि बरामद किया गया है.
छापामाड़ी दल में ये थे शामिल
फागु होरो, पुलिस निरीक्षक, मनोहरपुर अंचल, पुअनि अनित कुमार थाना प्रभारी, मनोहरपुर, पुअनि मनीष कुमार यादव, मनोहरपुर, सअनि जुलियस एक्का, सैट-01 मनोहरपुर संतोष कुमार, सैट -01 मनोहरपुर एवं सैट-01 मनोहरपुर के सशस्त्र बल एवं अंगरक्षक.





