सरायकेला: चांडिल रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में रेलवे कर्मचारी की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतका की पहचान पम्मी तिवारी के रूप में हुई है, जो रेलवे कर्मचारी अनंत तिवारी की पत्नी थीं. घटना के बाद रेलवे कॉलोनी समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार, पम्मी तिवारी बुधवार शाम करीब पांच बजे अपने घर से रेलवे लाइन के उस पार स्थित रेलवे कॉलोनी में परिचितों से मिलने गई थीं. रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वह घर लौट रही थीं. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. रेलवे अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई. फिलहाल रेलवे पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला किस ट्रेन की चपेट में आई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.






