
जमशेदपुर : टाटा संस और जमशेदपुर के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा को जमशेदपुरवासियों ने अपनी ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की. जमशेदपुर के बिष्टुपुर गोलचक्कर पर स्थित जमशेदजी टाटा की प्रतिमा पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन, जुस्को के एमडी तरुण डागा समेत तमाम पदाधिकारियों ने जमशेदपुरवासियों के साथ संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर जुस्को (टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी) की ओर से इसका आयोजन किया गया. स्वागत भाषण जुस्को के एमडी तरुण डागा ने दिया, जिसमें श्री डागा ने कहा कि जमशेदपुर में पानी, बिजली, सड़क और सफाई की बेहतर व्यवस्था हो रही है.

जमशेदपुर के सौ साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू द्वारा दिये गये भाषण को दोहराते हुए इस शहर को और अत्याधुनिक होने का संकल्प को दोहराया. इस मौके पर संक्षिप्त भाषण देते हुए टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा समूह हमेशा से जमशेदपुर के विकास को लेकर संकल्पित रही है और आने वाले दिनों में भी इसी संकल्प के साथ काम करती रहेगी. उन्होंने कहा कि वे खुद जमशेदपुर आना हमेशा से पसंद करते है और संस्थापक दिवस पर आने पर उनको दोहरी खुशी होती है.

इस दौरान उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियां जरूर है, लेकिन समाज और जमशेदपुर के साथ मिलकर इन चुनौतियों को निबटने के लिए टाटा समूह जरूर तैयार है और इसके लिए काम भी किया जा रहा है. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी के अलावा टाटा स्टील के पूर्व एमडी डॉ जेजे इरानी, डेजी इरानी, रुचि नरेंद्रन समेत अन्य लोग मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन जुस्को की चीफ कारपोरेट अफेयर्स सुकन्या दास ने किया.

टाटा संस के चेयरमैन विभिन्न समाज के लोगों से मिले, चंद्रशेखरन ने दिखायी झांकियों को हरी झंडी
बिष्टुपुर गोलचक्कर पर विभिन्न समाज की ओर से झांकियां निकाली गयी. इन सारी झांकियों में समाज के विभिन्न गतिविधियों को दर्शाया गया था. झांकियों को सबसे पहले टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने झंडी दिखाकर रवाना किया. यहां झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप), प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज, सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स, सिंहभूम वरिष्ठ नागरिक संघ, आंध्रा एसोसिएशन, डीबीएमएस, छत्तीसगढ़ी समाज, बिहार एसोसिएशन समेत करीब एक दर्जन से अधिक संस्थाओं के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान रंगारंग प्रस्तुतियों को चेयरमैन ने काफी नजदीक से देखा और काफी समय तक वहां रुके रहे. इस दौरान झांकियों को झंडी दिखाने के पहले समाज के विभिन्न लोगों से एन चंद्रशेखरन ने मुलाकात भी की.

कैट और सिंहभूम चेंबर के लोगों ने चंद्रशेखरन को सौंपा मोमेंटो
संस्थापक दिवस के अवसर पर बिष्टुपुर गोलचक्कर के पोस्टल पार्क में कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश संथालिया, सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष अशोक भालोतिया, महासचिव भरत वसानी, उपाध्यक्ष विजय मूनका समेत अन्य लोगों ने ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से मुलाकात की. इस दौरान टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन, रुचि नरेंद्रन, वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, जुस्को के मैनेजिंग डायरेक्टर तरुण डागा भी थे. टाटा ग्रुप के चेयरमैन से इन लोगों ने कहा कि श्री नरेंद्रन के नेतृत्व में जमशेदपुर खूबसूरत हो रहा है. सड़कें चौड़ी हो रही है. हम कह सकते हैं जमशेदपुर स्मार्ट सिटी है. कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश संथालिया ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को भारत सरकार के पोस्टल विभाग द्वारा 7 जनवरी 1965 को जारी पोस्टल इनवेलप को स्मृति के रूप में दिया जो 55 साल पुराना था. भारत सरकार ने जेएन टाटा की स्मृति में 7 जनवरी 1965 को फादर ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के सम्मान में जारी किया था.




