
जमशेदपुर : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन संस्थापक दिवस समारोह के बाद टाटा वर्कर्स यूनियन गये. बिष्टुपुर स्थित यूनियन के दफ्तर में जाकर उन्होंने यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत तमाम ग्यारह पदाधिकारियों से मुलाकात की. सभी ने श्री चंद्रशेखरन का स्वागत किया. उनके साथ टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, कंपनी के वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी, वीपी कारपोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी, मैनेजमेंट के आला अधिकारी अतरयी सरकार, जुबिल पालिया, प्रकाश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष ने टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर यूनियन की गतिविधियों की जानकारी दी. अध्यक्ष ने बताया कि सौ साल पूरे होने पर कई सारे कार्यक्रम हुनए है, लेकिन अभी एक कांक्लेव होने जा रहा है, जिमसें कल का यूनियन यानी टूमॉरो यूनियन थीम पर कांक्लेव का आयोजन होगा. इस मौके पर यूनियन के अधिकारियों ने सवाल किया कि कोरोना वायरस के कारण समूह के बिजनेस कितने प्रभावित हुए है. इस पर चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि यह एक वैश्विक समस्या है, लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था में इसका अभी ज्यादा प्रभाव यह नहीं डाल पायी है. उन्होंने कहा कि आज के उद्योगों के परिवेश में सबसे ज्यादा जरूरी है कि स्किल्ड मैनपावर तैयार किया जाये और सस्टेनेबिलिटी यानी टिकाऊ बने रहने पर जोर दिया जाये. भविष्य के लिए भी सस्टेनेबिलिटी जरूरी है, इसको ध्यान में रखते हुए यूनियन को काम करने की अपील की. चेयरमैन ने यहां कहा कि टाटा वर्कर्स यूनियन किसी भी स्थिति पर हो, लेकिन कंपनी और यूनियन वर्किंग टूगेदर के कांसेप्ट के तहत काम करना चाहिए. साथ मिलकर काम करना होगा.





