
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित सुनसुनिया गेट के पास सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में पुलिस ने डंपर सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया है. बाइक में टक्कर मारने के बाद डंपर चालक तेजी से डंपर को लेकर कंपनी के अंदर चला गया था. पुलिस ने देर रात ही डंपर समेत चालक को पकड़ लिया. इधर शुक्रवार को मृतक डेंटिस्ट डॉक्टर मृण्मय भगत के परिजन बर्मामाइंस थाना पहुंचे. इस मामले में डंपर के चालक के खिलाफ तेजी एवं लापरवाही से वाहन चलाने और धक्का माने का मामला दर्ज कराया गया है.

मृतक के चाचा उत्तम भगत ने बताया कि उन्हे इस मामले में किसी तरह का मुआवजा नहीं चाहिए, उन्हे इंसाफा चाहिए ताकि ऐसे चालक दोबारा घटना को अंजाम न दे पाए. उन्होने बताया कि अगर चालक यातायात नियमों का उलंघ्घन नहीं करता तो आज वह जिंदा होता, डंपर में चालक के अलावा कोई खलासी नहीं था साथ ही सड़क पर स्पीड लिमिट का भी ख्याल नहीं रखा गया था. फिलहाल पुलिस चालक को जेल भेजने की तैयारी कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी, फिर हुई छापामारी
बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट के पास हुए हादसे में डेंटिस्ट की जान जाने के बाद गुस्साएं लोग बर्मामाइंस थाना में जुट गये. वे लोग आरोपी को पकड़ने की मांग कर रहे थे. इस दौरान पुलिस की ओर से टाटा स्टील के सुनसुनिया गेट पर लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाला. पूरी जांच की गयी, जिसके बाद पाया गया कि वह गाड़ी कंपनी के भीतर ही प्रवेश की है. इसके बाद सारे गेट पर इसकी सूचना दे दी गयी. गेट पर जैसे ही वह गाड़ी आयी, वैसे ही उस डंपर को चालक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.







