
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के चान्हो में विभिन्न आदिवासी संगठनों के लोगों ने सरना झंडा हाथ में लेकर एकलव्य विद्यालय की बाउंड्री वाल को गिरा दी. इसके अलावा इन ग्रामीणों ने वहां निर्माण स्थल पर मौजूद तीन मिक्सचर मशीन को आग लगा दी. इसके अलावा पानी के टैंकर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इस एकलव्य विद्यालय का शिलान्यास केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया था. पहले अगस्त माह में इसका विरोध करते हुए अर्जुन मुंडा को भी भगा दिया गया था, लेकिन बाद में उसका शिलान्यास कर स्कूल खोलने की आधारशिला रखी गयी थी, लेकिन सोमवार को लोगों ने ही हमला बोल दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

बताया जाता है कि रांची के चान्हो के ग्रामीण हाथों में सरना झंडा लेकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मांडर से बीजुपाड़ा होते हुए चान्हो प्रखंड मुख्यालय होते हुए सिलागाई पहुंचे. इन लोगों ने वहां अमर शहीद वीर बुधु भगत के स्मारक स्थल के पास बनाये जा रहे एकलव्य विद्यालय के बाउंड्री को ही गिरा दी. ग्रामीणों ने बताया कि शहीद वीर बुधु भगत की आस्था लोगों की जुड़ी हुई है. सरकार को जहां चाहे स्कूल बना लें, लेकिन वहां वे लोग स्कूल बनाने नहीं देंगे. इस स्कूल के निर्माण के खिलाफ आदिवासी संगठनों ने दो माह पहले एनएच 75 रांची डालटेनगंज मार्ग को जाम कर दिया था. करीब 1 घंटे तक जाम लगा हुआ था. इस दौरान हंगामा होता रहा, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही. इन ग्रामीणों को रोकने की कोशिश भी नहीं की गयी. पुलिस पूरी तरह नतमस्तक बनी रही और पुलिस के सामने ही गाड़ियां जलायी गयी, पुलिस के सामने सरकारी काम को रोका गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी. (नीचे देखे पूरी खबर)

केंद्रीय मंत्री ने कहा-झारखंड सरकार स्कूल खोलने में मदद नहीं कर रही है
इससे पहले केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने 23 अक्टूबर को आयोजित भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में कहा था कि झारखंड सरकार स्कूल खोलने में मदद नहीं कर रही है. उन्होंने ककहा था कि दूसरे प्रदेशों में तेजी से इस पर काम हो रहा है, लेकिन झारखंड सरकार का सहयोग उनको नहीं मिल रहा है और एकलव्य स्कूल खोलने की राह में रोड़े अटकाये जा रहे है. जमीन को लेकर पेंच फंसा दिया जा रहा है.







