
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई चौक बाजार स्थित सरबजीत सिंह के ज्वेलर्स शॉप से धोखे से लाखों के गहने लेकर फरार होने के मामले में शुक्रवार को ज्वेलर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जुगसलाई थाना प्रभारी से मिलने पहुंचा. इस दौरान थाना प्रभारी से उन्होंने जल्द से जल्द आरोपी के गिरफ्तारी की मांग की. थाना प्रभारी ने भी आश्वासन दिया की आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. जानकारी देते हुए सरबजीत ने बताया कि वे बुधवार को दुकान में थे. इतने में एक व्यक्ति उनके दुकान पर आया और चांदी का सिक्का मांगा. चांदी के सिक्के के लिए उसने 800 रुपए दिए. फिर उसने कहा कि उसकी बेटी की मौत हो गई है उसे और भी गहने लेने है. वो ऐसे गहने की तलाश में है जिसे किसी महिला ने हाथ न लगाया हो. उन्होंने अपने लॉकर में रखे सामानों को निकाला और उस व्यक्ति को दिया. थोड़ी देर बाद वह व्यक्ति चार हजार रूपए एडवांस देकर वापस आने की बात कहकर निकल गया. जब उन्होंने गहनों की जांच की तो लगभग 10 लाख के गहने गायब मिले.








