
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के निशांत विहार सोसाइटी के रहने वाले 65 वर्षीय शैलेंद्र नारायण आचार्य के खाते से साईबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 1.49 लाख रुपये गायब कर दिये. आदित्यपुर थाना में इस संबंध में एक एफआइआर दायर कराया गया है. इस एफआइआर में शैलेंद्र नारायण ने बताया है कि उनके मोबाइल पर बुधवार को एक मैसेज आया था. मैसेज में खाते में बैलेंस कम होने की बात कहीं गयी थी. इसी मैसेज की जांच पड़ताल करने में उन्होंने अपने बैंकिंग से संबंधित कुछ जानकारियां शेयर कर दी. उनका बैंक खाता आदित्यपुर के एचडीएफसी बैंक में है. इसी मैसेज के सहारे उनके खाते से कुलदीप एंड संस के खाते में 1.49 लाख रुपये ट्रांस्फर कर लिये गये. इसके बाद से वे परेशान हो गये, जिसके बाद उन्होंने आदित्यपुर थाना में एक एफआइआर दायर कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वैसे काफी सतर्कता के बावजूद लोग बैंक की गोपनीय जानकारी साझा कर दे रहे है, जिस कारण इस तरह के हादसे हो रहे है.





