
जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के मां भगवती मंदिर केरा में आयोजित चैत मेले देखने गये जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी 17 वर्षीय युवक सुजल मुखी की डूबने से मौत हो गयी. जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह हरिजन बस्ती निवासी भुलु मुखी के पुत्र सुजल मुखी गुरुवार के दिन के 11 बजे दोस्तों के साथ केरा नदी में नहाने के लिए गया था. इसी दौरान नदी में डूबने से उसकी मौत हो गयी. उसे नदी से निकालकर तत्काल लोगों ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. चक्रधरपुर थाना की पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है. बताया जाता है कि सुजल मुखी मां भगवती मंदिर के केरा में आयोजित चैत मेले देखने के लिए बुधवार की शाम दोस्तों के साथ चक्रधरपुर पहुंचा था. वह रेलमार्ग से आया और केरा मेला देखने चला गया, जहां गर्मी से निजात पाने के लिए सारे लोग नहाने लगे कि यह हादसा हो गया.




