
संतोष वर्मा
चाईबासा : चाईबासा के विकास और सौन्दर्यीकरण में एक बार फिर अपनी महती भूमिका निभाते हुए एसआर रुंगटा ग्रुप ने कोल्हान प्रमंडल मुख्यालय चाईबासा शहर के बीचों-बीच स्थित 180 साल पुराने पिल्लई हॉल का जीर्णोद्धार कराते हुए इसे अत्याधुनिक बनाने की जिम्मेदारी को लगभग पूरी कर दिया है। अब इस हॉल को चाईबासा शहरवासियों को एक तोहफे के रूप में देने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही चाईबासा में एक आधुनिक ऑडिटोरियम की कमी दूर हो गयी।
सिंहभूम कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार सिंह की पहल एवं उपायुक्त अरवा राजकमल के कहने पर एसआर रुंगटा ग्रुप ने अपने खर्चे पर एक भव्य और अत्याधुनिक ऑडोटोरियम बनवाने का जिम्मा लिया था। इसके लिए डेढ़ वर्ष पूर्व आयुक्त, उपायुक्त एवं एसआर रुंगटा ग्रुप के संयुक्त प्रबंध निदेशक मुकुंद रुंगटा ने पिल्लई हाल का निरीक्षण कर तस्वीर बदलने की नींव रख दी थी। साथ ही आयुक्त और उपायुक्त अरवा राजकमल की पहल पर एसआर रुंगटा ग्रुप ने सीएसआर के तहत पिल्लई हॉल का जीर्णोद्धार कराने का कार्य छह माह में कराने की बात कही थी।
पिल्लई हॉल की दीवारों के साथ छेड़-छाड़ किए बिना ही यह कार्य किया गया। इसे अत्याधुनिक साजो-सज्जा के साथ बनाया गया। यहां साउंड सिस्टम से लेकर स्टेज और सीट भी किसी आधुनिक ऑडोटोरियम की तरह बनाई गयी है। नया ऑडिटोरियम रुंगटा कंपनी के आर्किटेक्ट और जिला अभियंता अमरेंद्र कुमार की निगरानी में बनया गया है। उद्योगपति मुकुंद रूंगटा ने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि हम चाईबासा को बेहतरीन ऑडिटोरियम दे सकें।
उन्होंने कहा कि हमलोग जल्द ही जिला प्रशासन के साथ मिलकर इस पर काम पूरा कर कर देंगे। लोगों को सुविधाएं मिलने लगेगी। उन्होंने कहा कि मुकुंद रूंगटा ने एक तरह से पिल्लई हॉल को गोद लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी अच्छे प्रोग्राम में अच्छे साउंड सिस्टम का बड़ा महत्व होता है। इसलिए यहां अच्छा साउंड सिस्टम भी लगाया गया है ऐसा करने से फिर कभी बाहर से साउंड सिस्टम लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सोमवार को उपायुक्त अरवा राजकमल ने एसआर रूंगटा ग्रुप के सदस्यों के साथ उक्त पिल्लई हॉल का अवलोकन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा की एसआर रुंगटा ग्रुप ने चाईबासा वासियों को एक बड़ा तोहफा दिया है, जिसका लाभ यहां के लोगों को निश्चित रूप से मिलेगा और इस शहर के लिए यह आधुनिक ऑडिटोरियम के रूप में होगा। इसका का निर्माण कार्य अंतिम पड़ाव में है, इसलिए इसका काम पूरा होते ही इसी माह में उद्दघाटन किया जाना है। लेकिन एक अच्छे ऑडिटोरियम का रख-रखाव भी बेहतर ढंग से हो इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर पर एक कमेटी का गठन शीघ्र करा दिया जायेगा, ताकी मेनेटेंस में कोई कमी न हो।
वहीं उपायुक्त अरवा राजकमल ने एसआर रुंगटा ग्रुप के इस कार्य को सराहते हुए साधुवाद भी दिया। इधर उद्योगपति मुंकद लाल रुंगटा ने कहा कि यह कार्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन और आयुक्त व उपायुक्त अरवा राजकमल का सहयोग भी अहम रहा है, जिसके कारण यह बदलाव हुआ है।








