
चाकुलिया : कोरोना वायरस का संक्रमण न फैले इस उद्देश्य से सरकार ने लाक डाउन की घोषणा की है. वही इस बीमारी को लेकर क्षेत्र के लोगों में दहशत दिखने लगा है. ग्रामीण गांव-गांव में पोस्टर, बैनर और बैरियर लगाकर बाहरी लोगों का गांव में प्रवेश निषेध कर रहे हैं. वहीं सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण गांव में न फैले इसके लिए प्रखंड के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत के कालापाथर गांव के ग्रामीणों ने भक्ति-भाव और श्रद्धापूर्वक जाहेर थान में पूजा-अर्चना की. पुजारी ने जाहेर थान में मंत्रोच्चारण कर पूजा करवाई. ग्रामीणों ने जाहेर थान में पूजा कर गांव और आसपास के गांव में कोरोना वायरस न फैलने की कामना की.

गांव में सुख, शांति और समृद्धि के लिए पूजा की गई : ग्राम प्रधान
कालापाथर गांव के ग्राम प्रधान महेश्वर टुडू ने कहा कि कोरोना वायरस से ग्रामीण भयभीत है. यह बिमारी गांव में न फैले और गांव में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे इस कामना के साथ गांव के ग्रामीणों ने सोशल डिस्टेंस का अनुपालन करते हुए जाहेर थान में पूजा-अर्चना की है.
पूजा करने से बिमारी और महामारी से मिलता है निजात : ग्रामीण
गांव के अनिल कुमार टुडू ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए गांव के ग्रामीणों ने भक्ति-भाव से जाहेर थान में पूजा की है. समाज का मानना है कि जाहेरथान में पूजा करने से बीमारी और महामारी से ग्रामीण बचेंगे, गांव में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहेगी. जाहेरथान में जाहेर आयो (प्रकृति) की पूजा की गई है.








