
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड कार्यालय से सटे एक स्कूल भवन में बने क्वारंटाइन सेंटर में शनिवार की दोपहर एक वृद्ध महिला (55) की मौत हो गई है. वृद्धा की मौत की सूचना पाकर बीडीओ लेखराज नाग, सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी रंजित मुर्मू, थाना प्रभारी अनिल नायक समेत अन्य पदाधिकारी क्वारंटाइन सेंटर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. क्वारंटाइन में रह रहे अन्य लोगों ने बताया कि वे सभी पश्चिम बंगाल के 24 परगना के एक ईंट भट्ठा में परिवार समेत मजदूरी कर रहे थे. वहीं उक्त महिला ईंट भट्टा से गिर गई थी, जिससे उसके पैर और कमर की हड्डी टूट गयी थी. वह कई दिनों से बीमार चल रही थी और शनिवार की दोपहर उसकी मौत हो गई. इस संबंध में बीडीओ लेखराज नाग ने बताया कि शुक्रवार को ही बाजपेयी नगर कॉलोनी से सटी रेल भूमि पर बसे बीड़ी बस्ती के नौ सदस्यों को शुक्रवार को क्वारंटाइन किया था. वे सभी बंगाल के 24 परगना से लौटे थे. उन्होंने कहा कि मृत वृद्धा का पोस्टमार्टम कराने के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया है. वहीं सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा रंजीत मुर्मू ने कहा कि वृद्धा की मौत कैसे हुई, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी. उन्होंने कहा कि जल्द ही विभाग द्वारा क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे अन्य सदस्यों का स्वाब जांच के लिए लिया जाएगा.





