
चाईबासा : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरकेला में वन विभाग का अवास व कार्यालय तथा लतारसिका में सड़क उड़ाने के आरोप में फरार चल रहे भाकपा माओवादी (नक्सली) परगना बोयपाई को चाईबासा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं गोईलकेरा थाना क्षेत्र के बुरुहुण्डरु , डुमरिया , कुला , सरबील रघुनाथपुर इलाका में पोस्टरबाजी की सूचना पर सर्च अभियान के दौरान नक्सली मुकुंद पूर्ति (32) को गिरफ्तार किया है.
चाईबासा पुलिस को परगना बोयपाई के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त परगना बोयपाई उर्फ पेरसोन बोयपाई (58) को अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा के द्वारा गठित टीम ने अभियुक्त के बरकेला के टोला बन्दासाई स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर छापेमारी टीम के द्वारा काफी संख्या में पोस्टर, बैनर एवं अन्य सामानों की बरामदगी की गई है. सरजोम बोयपाई, जगमोहन सवैया, परगना बोयपाई, सागर दा उर्फ मिसिर बेसरा एवं बुधराम दा उर्फ अजय महतो के विरुद्ध दर्ज किया गया है. इस कांड में गिरफ्तार परगना बोयपाई उर्फ पेरसोन बोयपाई से गहनतापूर्वक पूछताछ के क्रम में 22 जुलाई की रात्रि में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोमापंचो कैंपस में स्कूल भवन की दीवार पर ग्रामीणों के बीच माओवादियों का भय व खौफ फैलाने के उद्देश्य से पोस्टर तथा बैनर साटाने की बात स्वीकारी है. इसके अलावा गत 12 जुलाई की रात्रि में बरकेला स्थित वन प्रक्षेत्र सायतवा के कार्यालय, सरकारी आवास एवं विश्रामागार में भाकपा (माओवादी) द्वारा किये गये विस्फोट तथा 13 जुलाई की रात्रि में लतारसिका गांव के पास भाकपा ( माओवादी ) द्वारा किये गये विस्फोट में शीर्ष कमांडर तथा सशस्त्र दस्ता सदस्यों के साथ उक्त घटना को अंजाम देने में शामिल होने की बात कही है.

दूसरी ओर पुलिस को गोईलकेरा थाना क्षेत्र के बुरुहुण्डरु , डुमरिया , कुला , सरबील रघुनाथपुर इलाके में माओवादियों द्वारा पोस्टरबाजी किये जाने की सूचना प्राप्त मुली. सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कारवाई के लिए पुलिस टीम एवं सीआरपीएफ के द्वारा एक सर्च अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के सदस्य मुकुन्द पुर्ति को पकड़ा गया. उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से भाकपा माओवादी का पोस्टर बरामद किया गया. उक्त नक्सली ने अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में भाकपा माओवादी का सक्रिय सदस्य होने की बात बताते हुए एक कट्टा ( हधियार ) को छुपा कर रखने की बात बतायी, जिसे अभियुक्त मुकुन्द पुर्ति की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया. इस संबंध में गोइलकेरा थाना के अन्तर्गत आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. गिरफ्तार अभियुक्त मुकुन्द पूर्ति को न्यायालय में उपस्थापित कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.





