
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव महुलडांगरी के किसान देवाशीष पाईडा और अन्य किसानों द्वारा उगाई गई सब्जियों का क्रय ऑल सीजन फार्म फ्रेश की टीम द्वारा किया गया. किसान देवाशीष पाईडा के साथ चंडी पाईडा, बुघु पाईडा, आनंदमय पाईडा, अजय पाईडा और अरुण धाड़ा के लगभग 200 बीघा खेत में लगाए गए खीरा 270 किलोग्राम, मक्का 200 किलोग्राम, झिंगा 200 किलोग्राम, कद्दू 55 किलोग्राम और करैला 220 किलोग्राम का क्रय किया गया. इससे किसानों में हर्ष है. जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को उनके खेत में ही सब्जी और अन्य उत्पादों का उचित मूल्य देकर क्रय करने की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीण किसानों को उचित मूल्य मिल सके. वहीं सब्जियों को घर तक फ्री होम डिलीवरी के माध्यम से पहुंचाने का कार्य ऑल सीजन फार्म फ्रेश द्वारा किया जा रहा है. इससे जहां आम जनों को फ्रेश सब्जी प्राप्त हो ही रहा है वहीं किसानों को भी अपने खेत में ही सब्जियों का उचित मूल्य मिलने से किसानों को मुनाफा के साथ ही हर्ष है.

ऑल सीजन फार्म फ्रेश राज्य स्तर पर कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय भारत सरकार से निबंधित है. इस संस्था के सदस्य किसानों के खेत से सीधे उनका उत्पाद उठाते हैं और होम डिलीवरी कर आम लोगों को सब्जियां घर-घर पहुंचाते हैं. यह सब प्रयास जिला प्रशासन, बाजार समिति, जिला कृषि विभाग के द्वारा किसानों के हित में किया जा रहा है. किसानों में भी इसे लेकर अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. जो भी किसान खेती-किसानी को छोड़ कर मजदूरी करने के लिए अन्य जिला एवं राज्य से बाहर जा रहे थे निश्चित ही आने वाले दिनों में जिला प्रशासन के इस तरह के प्रयास का लाभ लेकर अपने ही गांव-घर में रहकर खेती-बाड़ी से अपने परिवार का भरण-पोषण अच्छे तरीके से कर सकेंगे.







