
जमशेदपुरः जमशेदपुर के जुबिली पार्क स्थित जयंती सरोवर में मंगलवार की दोपहर एक व्यक्ति का शव पाया गया. मृतक की पहचान भुईयांडीह छायानागर निवासी 40 वर्षीय संटू नामता के रूप में की गई. सूचना पाकर बिस्टुपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को निकालने के प्रयास में जुट गई. इधर परिजनों को भी घटना के बारे में सूचित किया गया. मृतक के भाई लालटू नामता भी पहुंचे और शव की पहचान की. लालटू ने बताया कि उसका भाई रिक्शा चलाकर जीवन यापन करता है. रविवार रात 9 बजे वह दोस्तों के साथ मछली पकड़ने की बात कहकर निकला था. सोमवार की सुबह उसे किसी ने आकर सूचित किया कि भाई जुबिली पार्क के तालाब में डूब गया है. उसके बाद वे लोग तालाब के पास पहुंचे थे पर भाई का शव नहीं मिला था. आज सुबह पता चला की शव किनारे पर आ गया है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

उन्होंने बताया कि भाई चोरी छुपे तालाब में मछली पकड़ने घुसा होगा. संभवतः उसे पार्क के गार्ड ने देख लिया होगा. भागने के क्रम में वह तालाब में डूब गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई होगी.इस मामले को लेकर सवाल उठना लाजिमी है. करीब डेढ़ साल से जुबिली पार्क बंद पड़ा हुआ है. टाटा स्टील की जुस्को कंपनी इसकी देखरेख करती है. यहां टाइट सुरक्षा होने का दावा किया जाता है. बगल में चिड़ियाघर है, जहां अतिसंवेदनशील जानवर रहते है. 24 घंटे सुरक्षा के बावजूद यह युवक अंदर चला गया. मछली कैसे मारने पहुंचा और फिर कैसे उसकी अकेले में मौत हो गयी. क्या उसके साथ और लोग भी थे. ये सारे सवाल है, जिसके जवाब टाटा स्टील की कंपनी जुस्को और पुलिस को भी देना होगा. आखिर यह युवक अंदर गया तो क्या वहां अंदर में मछली मारने की इजाजत है या कोई सेटिंग कर वहां सारा काम होता है.



