
जमशेदपुर : बरकाकाना टाटा सवारी गाड़ी चालू करने की मांग को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को आदित्यपुर स्टेशन मास्टर से मुलाकात की. इस दौरान संगठन की ओर से चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. इस दौरान संगठन के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष विशाल बर्मन ने कहा कि कोविड-19 जैसी बड़ी महामारी के कारण बरकाकाना-टाटा सवारी गाड़ी को बंद किया गया था. आज कोविड-19 की सामान्य स्थिति को देखते हुए सभी जगह धीरे-धीरे सवारी गाड़ी को चालू किया जा रहा है. कॉलेज एवं विश्वविद्यालय खुल चुके हैं. साथ ही कक्षाएं व परीक्षाएं भी आयोजित हो रही हैं. खासकर चांडिल, जमशेदपुर व सरायकेला मे पढ़ाई करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं बरकाकाना-टाटा सवारी गाड़ी से आना-जाना करते हैं. परंतु अभी इस ट्रेन के बंद रहने से आम छात्र-छात्राओं के साथ साथ जनमानस को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इस ट्रेन से आने-जाने वाले अधिकतर छात्र-छात्राएं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है, वे भी काफी मुश्किल से पढ़ाई करने आते हैं. विद्यार्थियों एवं जनमानस की समस्याओं को देखते हुए बरकाकाना-टाटा सवारी गाड़ी को अविलंब चालू किया जाये. इस दौरान अमन सिंह, रोहित शर्मा, कुंदन, लक्ष्मीकांत, प्रिंस कुमार, प्रभात कुमार महतो व अन्य उपस्थित थे.



