रांची : झारखंड सरकार राज्य में अब शराब के नये थोक लाइसेंस धारियों का चयन करेगी. इसके लिए राज्य के उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने शार्ट टर्म निविदा आमंत्रित की है. जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर 2022 से लेकर 31 मार्च 2023 तक के लिए योग्य कंपनियों से आवेदन मंगाया गया है. इसमें अधिसूचना संख्या 649 के तहत आवेदन मंगाये गये हैं. झारखंड मदिरा का भंडारण एवं थोक बक्री नियमावली 2022 के तहत वेयरहाउस के लिए आवेदन मंगाया जा रहा है. इसके तहत राज्य में शराब के संग्रहण के लिए गोदाम किराये पर लेने की अनुमति दी जायेगी. जानकारी के अनुसार आवेदनों की जांच उत्पाद आयुक्त की तरफ से 19 और 20 दिसंबर को की जायेगी. इसके बाद कंपनियों का चयन किया जायेगा. कंपनियों से कागजातों की विवरणी एवं बंदोबस्ती के आवेदन में शपथ पत्र, योग्यता की शर्तों को संलग्न करने का निर्देश दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि पूरे झारखंड में शराब की आपूर्ति का काम सिर्फ दो कंपनियों के भरोसे राज्यभर में चल रहा है. इसमें दिशिता वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और ओम सांई ब्रिवरेज प्राइवेट लिमिटेड ही थोक लाइसेंसधारी हैं. जो अंगरेजी शराब के सभी प्रचलित ब्रांडों की आपूर्ति राज्य भर में कर रहे हैं. इन दोनों कंपनियों का ही वेयरहाउस दो जोन में हैं. चार जोन में भी इन्हीं के द्वारा वेयरहाउस का संचालन किया जा रहा है. अब शेष चार जोन के लिए नये थोक लाइसेंस धारियों का चयन सरकार करने जा रही है.





