जमशेदपुर : मानगो गांधी मैदान स्थित श्री श्री दुर्गापूजा समिति ने मैदान में स्टेडियम एवं पार्क के निर्माण को हिन्दुओं की आस्था पर कुठाराघात बताते हुए इसका विरोध किया है. समिति ने गांधी मैदान में प्रस्तावित निर्माण कार्य नहीं रोके जाने की स्थिति में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, केंद्रीय राम नवमी अखाड़ा सीमित सहित सभी हिंदू संगठनों, मठ-मंदिरों के पदाधिकारियों को एकजुट कर मैदान में मां दुर्गा का स्थायी मंदिर बनाने के लिए कारसेवा शुरू कराने की चेतावनी दी है. समिति ने मंत्री सह क्षेत्र के विधायक बन्ना गुप्ता एवं मानगो नगर निगम को मैदान में वर्ष 1964 से होती आ रही दुर्गापूजा की जानकारी होने के बाद भी मैदान से जान बूझकर छेड़छाड़ किये जाने का आरोप लगाते हुए इसे हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ कर समुदाय विशेष को खुश करने की कवायद करार दिया है एवं कहा है कि क्षेत्र के हिंदू इसे किसी सूरत में बरदाश्त नहीं करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि मानगो नगर निगम की ओर से मानगो गांधी मैदान में स्टेडियम एवं पार्क का निर्माण कराने की घोषणा किये जाने के बाद से ही दुर्गापूजा समिति ने इसका विरोध शुरू कर दिया है. समिति के पदाधिकारियों ने शनिनवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि नगर निगम से प्राप्त प्रस्तावित स्टेडियम एवं पार्क के नक्शे से स्पष्ट है कि इसके बाद मैदान में पूजा स्थल एवं पंडाल के साथ ही मेले का स्थान नहीं रह जायेगा. उनका कहना है कि स्थानीय विधायक सह मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर गांधी मैदान में स्टेडियम एवं पार्क का डीपीआर तैयार करते समय नगर निगम द्वारा दुर्गापूजा समिति को उसका विचार जानने के लिए संपर्क भी नहीं किया गया, जबकि मैदान में वर्ष 1964 से ही होती आ रही दुर्गापूजा की जानकारी नगर निगम एवं विधायक दोनों को ही है. इससे स्पष्ट है कि समुदाय विशेश को खुश करने के लिए हिंदुओं की आस्था को आहत किया जा रहा है, जिसे स्थानीय हिंदू समुदाय स्वीकार नहीं करेगा.(नीचे भी पढ़ें)
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वे स्टेडियम या पार्क बनाने के विरोधी नहीं. प्रशासन मैदान के चारों ओर ऊंची दीवार खड़ी कर उसके भीतर लोगों के भ्रमण के लिए मार्ग बनवा सकता है, मैदान में घास लगाई जा सकती है जहां लोग योग-प्राणायाम या व्यायाम कर सकें, लेकिन हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुर्गापूजा समिति के संरक्षक नीरज सिंह, अध्यक्ष रामाश्रय सिंह के अलावा रवींद्र तिवारी, शिव प्रकाश शर्मा, दशरथ चौबे, उमेश सिंह, नित्यानंद सिन्हा, विजय तिवारी, राजीव सिंह, विनोद राय, नितिन त्रिवेदी, नीलकमल शेखर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.




