सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी के निर्देश के बाद जिले का पुलिस महकमा जिले में संचालित हो रही अवैध शराब भट्ठियों के खिलाफ एक्शन मोड में आ गई है. जिले के गम्हरिया थाना की पुलिस ने मंगलवार को एक बार फिर थाना क्षेत्र के जमजोड़ा गांव में अवैध शराब कारोबारी दामू मंडल के ठिकाने पर छापामारी की. पुलिस ने वहां करीब 3000 किलो जावा महुआ नष्ट किया, जबकि 20 लीटर महुआ शराब भी जब्त की. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की पहले भनक लग जाने के कारण दामू मंडल वहां से फरार हो गया. पुलिस ने उसके खिलाफ फरार केस दर्ज करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान शुरू कर दिया है. बताते चलें कि एसपी आनंद प्रकाश ने थाना अधिकारियों को शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की हिदायत देते हुए कहा है कि वे अपने क्षेत्र में संचालित अवैध शराब भट्ठियों को तत्काल बंद करायें. उन्होंने अवैध शराब कारोबारियों को भी पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के शराब माफियों में हड़कंप मच गया है.



