जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से आयोजित 672वें नेत्र शिविर के तहत रविवार को चिह्नित 26 मरीजों का ऑपरेशन हुआ. बागबेड़ा स्थित राममनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित शिविर का सोमवार को मरीजों की विदायी के साथ समापन होगा. (नीचे भी पढ़ें)

द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन एवं जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से आयोजित इस 672वें नेत्र शिविर के ऑपरेशन सत्र का उद्घाटन राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह, राकेश मिश्र, कमल किशोर लड्डा, किशन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इसके बाद जानेमाने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह एवं उनकी सहयोगी टीम ने 26 नेत्र रोगियों का सफल ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया. (नीचे भी पढ़ें)

स्व. कुलभूषण लाल छाबड़ा की पुण्य स्मृति में आयोजित नेत्र शिविर के तहत सोमवार को नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर चिकित्सक एवं उनकी टीम द्वारा अंतिम जांच की जायेगी. इसके बाद शिविर संयोजक परिवार के सदस्य नेत्र रोगियों को आवश्यक दवा एवं चश्मा प्रदान कर विदा करेंगे. आज ऑपरेशन सत्र के दौरान रेड क्रॉस के दीपक शर्मा, आशीष कुमार सिंह, दीपक विश्वास, राधेश्याम कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.













