जमशेदपुर : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की जमशेदपुर इकाई के सदस्यों ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात की, इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल में ड्यूटी कर रहे होमगार्ड जवानों को विगत चार महीने से मानदेय का भुगतान नहीं मिलने की जानकारी देते हुए उनसे भुगतान कराने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मिलने गये होमगार्ड जवानों ने उन्हें बताया कि सदर अस्पताल में कुल 42 होमगार्ड जवान ड्यूटी करते हैं. लेकिन विगत चार महीनों से उन्हें उनके मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है. मंत्री बन्ना गुप्ता ने होमगार्ड जवानों की बात सुनने के बाद उन्हें पूर्वी सिंहभूम की डीसी से इस संबंध में बात करने का आश्वासन दिया. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में विपिन प्रताप सिंह, ओम नारायण पाठक, रामनारायण दुबे, मोहन कुमार, अरुण कुमार, कुणाल शर्मा, सहित अन्य अनेक होमगार्ड जवान शामिल थे.




