रांची : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को राज्य की हेमंत सरकार को हटाने के संकल्प के साथ साहेबगंज के भोगनाडीह से अपनी संकल्प यात्रा शुरू की. उन्होंने संथाल हुल के नायक सिद्धू-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह में वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने एवं उनके परिजनों से मुलाकात करने के बाद अपनी संकल्प यात्रा आरंभ की. इससे पूर्व उन्होंने बरहरवा में आम लोगों से भी मुलाकात की. (नीचे भी पढ़ें)

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की निष्क्रियता के कारण मुख्यमंत्री का निर्वाचन क्षेत्र होने के बाद भी बरहरवा विकास की दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि आदिवासियों का मसीहा बनने का ढोंग करने वाला सोरेन परिवार ही जब आदिवासियों की जमीनों की लूट करेगा, तो राज्य एवं राज्य के निवासियों को बरबाद होने से भगवान ही बचा सकता है.(नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें किबाबूलाल मरांडी गुरुवार (17 अगस्त) से शुरू हुई अपनी संकल्प यात्रा के तहत 10 अक्टूबर तक 7 चरणों में राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे. इस दौरान वे सभी क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे. पहले चरण में गुरुवार से 20 अगस्त तक वे बरहेट, बोरियो, राजमहल, महगामा, गोड्डा, पोड़ैयाहाट, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा और पाकुड़ में जनसभाएं करेंगे. प्रथम चरण में यात्रा के संयोजक विधायक अनंत ओझा हैं. जबकि उनकी टोली में प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह, विधायक अमित मंडल, बबलू भगत, मिस्त्री सोरेन और सत्येंद्र सिंह को शामिल किया गया है.(नीचे भी पढ़ें)
उनकी संकल्प यात्रा का यात्रा का दूसरा चरण 23 से 27 अगस्त तक चलेगा जिसके दौरान वे 10 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे. 4 से 6 सितंबर तक चलने वाले यात्रा के तीसरे चरण में श्री मरांडी 6 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे. 9 सितंबर से आरंभ हो रही चौथ चरण की यात्रा के दौरान वे 16 सितंबर तक 13 विधानसभा क्षेत्रों में जायेंगे. 18 से 24 सितंबर तक पांचवें चरण की यात्रा के दौरान वे 14 विधानसभा क्षेत्रों में और 26 सितंबर से 1 अक्तूबर तक छठे चरण में वे 11 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे. सातवें और आखिरी चरण में 3 से 10 अक्टूबर तक वे 16 स्थानों पर सभाएं करेंगे. 10 अक्टूबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित जनसभा के साथ उनकी संकल्प यात्रा संपन्न होगी.



