जमशेदपुर : झारखंड का नंबर वन अस्पताल का अवार्ड जीत चुका परसुडीह स्थित सदर अस्पताल एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है. शनिवार को पोटका के एक 15 वर्षीय थैलीसीमिया पीड़ित की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने बिना इलाज किए ही उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार, किशोर देर रात से बेसुध अवस्था में घर पर पड़ा था. किसी तरह उसे अस्पताल लाने पर उम्मीद थी कि तत्काल इलाज शुरू होगा, लेकिन सदर अस्पताल के सुपर बास निशांत पांडेय ने परिजनों की एक न सुनी और मरीज को तुरंत एमजीएम भेजने पर जोर दिया. परिजन गिड़गिड़ाते रहे कि पहले बच्चे को स्थिर कर दिया जाए, लेकिन उनकी गुहार को दरकिनार कर दिया गया. उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से सदर अस्पताल में सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद रिकॉर्ड संख्या में मरीजों को एमजीएम अस्पताल रेफर किया जा रहा है. इसकी शिकायत एमजीएम डॉक्टरों ने प्रबंधन से भी की है. एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति देख तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया. हालांकि अस्पताल में दवा उपलब्ध नहीं होने पर परिजनों को बाहर से दवा खरीदने के लिए पर्ची थमा दी गई. ( नीचे देखें पूरी खबर)

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के पास पैसे नहीं थे, ऐसे में उन्होंने जान-पहचान वालों से उधार लेकर दवा खरीदी और बच्चे को दी. इस बीच बच्चे का एक्स-रे व कुछ अन्य जांच की गई, लेकिन सिटी स्कैन नहीं हो पाया क्योंकि इसके लिए मरीज को पुराने अस्पताल स्थित जांच केंद्र भेजना पड़ता है. इससे बच्चे के परिजन और परेशान हो उठे. मामले की जानकारी मिलने पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दिवाकर हांसदा ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके मंधान को बच्चे की देखभाल के निर्देश दिए. (नीचे देखें पूरी खबर)
डॉ. हांसदा ने बताया कि थैलीसीमिया पीड़ित किशोर एमजीएम के इमरजेंसी बेड नंबर 15 पर इलाजरत है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. उन्होंने कहा कि बच्चे का इलाज बेहतर तरीके से हो, इसके लिए अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. हालांकि अब तक दवा और जांच की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो पाई है. इस लापरवाही पर परिजनों ने गहरी नाराजगी जाहिर की है और सवाल उठाया है कि जब सदर अस्पताल को राज्य का नंबर वन अस्पताल घोषित किया गया है तो मरीजों को बिना इलाज एमजीएम क्यों भेजा जा रहा है.














