
जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के कान्दरबेड़ा चौक के पास शनिवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जानकारी के अनुसार, रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहा सब्जी लदा बोलेरो पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौक पर अचानक एक स्कूटी सवार सामने आ गया. स्कूटी को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन को मोड़ा, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण गाड़ी पर से उसका नियंत्रण हट गया और पिकअप पलट गया. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और चालक तथा खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. ( नीचे देखें पूरी खबर)
गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था. ग्रामीणों ने बताया कि कान्दरबेड़ा चौक पर अक्सर लापरवाही से वाहन गुजरते हैं. रात के समय तो स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है. लोगों का कहना है कि इस चौक पर पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी नहीं होती, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और पुलिस की नियमित बेरिकेटिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को किनारे किया गया और यातायात बहाल हो गया. इस घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता साफ झलक रही है.














