जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) में अपराधियों के बढ़ते हौसले का एक गंभीर मामला सामने आया है. गोविंदपुर थाना क्षेत्र निवासी दिव्यांग सामाजिक कार्यकर्ता और प्रेस क्लब ऑफ़ जमशेदपुर के महासचिव विकास श्रीवास्तव के बड़े भाई दीपक कुमार श्रीवास्तव पर मंगलवार सुबह बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने चाकू (पेपर कटर ब्लेड) से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल अवस्था में उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. (नीचे भी पढ़े)
पीड़ित दीपक कुमार श्रीवास्तव ने बिरसानगर थाना में दी गई शिकायत में बताया कि मंगलवार (17 फरवरी 2026) सुबह करीब 10:30 बजे वे लुपुंगडीह स्थित पीडीएस डीलर से राशन संबंधी कार्य कर अपनी दिव्यांग स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान लुपुंगडीह–नूतनडीह मार्ग पर भिंडीबाड़ी के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया. दोनों युवक बड़े हेलमेट और काले शीशे वाले वाइजर पहने हुए थे। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए एक युवक ने कहा “बहुत ज्यादा शिकायत करता है” और तुरंत चाकू से हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur sexual abuse case : बागबेड़ा में किशोरी से यौन शोषण और गर्भवती करने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
हमलावर ने पहले उनकी छाती पर वार किया. बचने के प्रयास में जब उन्होंने गाड़ी आगे बढ़ाई तो आरोपी ने गर्दन और दाहिने हाथ पर भी हमला कर दिया. घटना के बाद दोनों युवक हुरलूंग पुल की ओर तेज गति से फरार हो गए. पीड़ित हमले के बाद हुरलूंग स्थित पीडीएस दुकानदार उमाकांत महतो के पास पहुंचे, जहां प्राथमिक सहायता मिलने के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया. पीड़ित के अनुसार हमलावरों की बाइक का नंबर JH05D-7 तक ही दिख पाया. चाकू मारने वाला युवक नेवी ब्लू टी-शर्ट पहने था, जिसके पीछे “HP” लिखा था. उसके हेलमेट पर बीच में हरे रंग की पट्टी बनी हुई थी. शिकायत में बताया गया है कि इससे पहले 12 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाशनगर मोड़ के पास भी इसी तरह बाइक सवार अज्ञात युवक ने उन पर चाकू से हमला किया था, जिसमें उनके हाथ में चोट आई थी. (नीचे भी पढ़े)
इस मामले में गोविंदपुर थाना में लिखित सनहा दर्ज कराया गया था. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसी दिन सुबह घोड़ाबांधा साईं मंदिर–मनपीटा मोड़ के पास दो युवकों द्वारा एक महिला से छेड़खानी की जा रही थी. उन्होंने इसका विरोध किया था, जिसके बाद आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज की थी. पीड़ित को आशंका है कि उसी घटना से जुड़े लोग लगातार हमला कर रहे हैं. दीपक कुमार श्रीवास्तव झारखंड सरकार के खाद आपूर्ति विभाग के पूर्व निगरानी सदस्य तथा झारखंड विकलांग संस्थान के महासचिव हैं. वे दिव्यांग हैं और वैशाखी के सहारे चलते हैं. लगातार दो हमलों के बाद उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस से सुरक्षा देने और आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित ने बिरसानगर थाना में आवेदन देकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करने की मांग की है. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.














