जमशेदपुर : होली के मद्देनजर एमजीएम अस्पताल में आगामी 4 मार्च को ओपीडी सेवा बंद रहेगी. मुख्यालय से प्राप्त निर्देश के बाद अस्पताल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल एक दिन, 4 मार्च को ही लागू रहेगी, ताकि पर्व के दौरान व्यवस्था सुचारू रखी जा सके. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ जुझार माझी ने बताया कि होली के कारण मंगलवार को ओपीडी के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यालय भी बंद रहेंगे. उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर अधिकांश चिकित्सक एवं कर्मचारी अवकाश पर रहेंगे, इसलिए नियमित बाह्य रोगी सेवा संचालित नहीं की जाएगी. हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ माझी ने बताया कि इमरजेंसी सेवा पूर्व की भांति 24 घंटे संचालित होगी. आपातकालीन कक्ष में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटा जा सके. दुर्घटना, गंभीर बीमारी या अन्य आपात स्थिति में मरीज सीधे इमरजेंसी वार्ड में पहुंच सकते हैं. उधर, मेडिकल कॉलेज के छात्रों को भी तीन दिन की छुट्टी दी गई है. बताया जा रहा है कि अधिकांश छात्रों की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं या अंतिम चरण में हैं. इसी को देखते हुए प्रशासन ने अवकाश घोषित किया है, जिससे छात्र होली अपने परिवार के साथ मना सकें. अस्पताल प्रबंधन ने आमजन से अपील की है कि अत्यावश्यक स्थिति में ही इमरजेंसी सेवा का उपयोग करें तथा सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अगले कार्यदिवस का इंतजार करें.







