जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र के एनएच-33 पर रविवार तड़के रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया. सुबह करीब चार बजे एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे भारत पेट्रोलियम के टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार टैंकर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हैरानी की बात यह रही कि टैंकर चालक को इस भीषण टक्कर का अहसास तक नहीं हुआ और वह कार को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया. जब टैंकर डिमना चौक के पास पहुंचा, तब स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन के पीछे कार फंसे होने की जानकारी दी. इसके बाद चालक टैंकर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी प्रभारी शारिक अली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस को वहां केवल दुर्घटनाग्रस्त वाहन मिले. ओपी प्रभारी ने बताया कि घटना सुबह चार बजे के आसपास की है, इसलिए कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में कितने लोग सवार थे और वे किस अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस ने टैंकर और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर घायलों तथा फरार टैंकर चालक की पहचान की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं.







