जमशेदपुर : झारखंड राज्य पद्मशाली संगम के तत्वावधान में एग्रिको क्लब हाउस में ‘श्री भवानारुषि स्वामी पूजा’ का भव्य आयोजन किया गया. इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समागम में झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आए पद्मशाली समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना से हुई. आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना रहा. पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर अखिल भारतीय पद्मशाली संगम (ABPS), हैदराबाद के अध्यक्ष कंडागटला स्वामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने अपने संबोधन में समाज की एकता, आध्यात्मिक जागरूकता और सामूहिक प्रगति पर जोर दिया. साथ ही, महासचिव वनपिल्ली वेंकट राव और राष्ट्रीय सचिव गोपाल परसावर ने भी समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती पर अपने विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम का सफल संचालन झारखंड राज्य पद्मशाली संगम के अध्यक्ष तिप्पना संभा शिव राव के नेतृत्व में हुआ. उपाध्यक्ष वनपिल्ली शंकर राव और उनकी टीम ने आयोजन को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया. दोपहर 3 बजे महाप्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ.














