रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर चक्रधरपुर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 में पार्षद कार्यालय का विधिवत उद्घाटन हुआ. पार्षद प्रतिनिधि दानिश के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया. इस मौके पर स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली. उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया. वार्डवासियों ने नए कार्यालय के खुलने पर खुशी जताई और उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं का समाधान और भी सहज व त्वरित होगा. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि वार्ड स्तर पर कार्यालय की शुरुआत से आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा. उन्होंने कहा कि नगर विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है और इस दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है. उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि यह कार्यालय वार्डवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान में सहायक होगा और जनता एवं जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद को और मजबूत करेगा.












