रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला भाजपा महिला मोर्चा ने हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित कुसुंबा गांव की मृत बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को यहां डीसी ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कुसुंबा की घटना के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उन्हें फांसी की सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई है. महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही महिला उत्पीड़न, बलात्कार, अपहरण और हत्या की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि रूपा तिर्की और संध्या टोपनो जैसी घटनाओं ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है, लेकिन सरकार इन मामलों में संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है. पिछले कुछ वर्षों में इस तरह के मामलों की संख्या में वृद्धि गंभीर चिंता का विषय है. महिला मोर्चा ने इस मामले को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया. उन्होंने अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कराने, उन्हें फांसी की सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिये जाने एवं परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिये जाने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प लेते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई. इस मौके पर जिला अध्यक्ष गीता बलमुचु, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष दुर्गावती बोयपाई, रूपा सिंह दास, सुखमती बिरुआ, जानकी देवी, रीना कर, दीपा नंदी, अंजना देवी, सरस्वती गोप, बसंती गोप सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं.














