जमशेदपुर : मानगो के आजाद नगर रोड नंबर 1 स्थित एक निजी नर्सिंग होम ‘मानगो क्लीनिक’ में युवक रेयान आलम की इलाज के दौरान मौत के मामले में संचालक डॉ अशरफ बद्र ने अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इस पूरे प्रकरण में अस्पताल के एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ अजय प्रसाद पूरी तरह निर्दोष हैं और कुछ लोग इस मामले को बेवजह राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ बद्र के अनुसार, रेयान आलम को 26 मार्च को पेट दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था. जांच के दौरान उसके पेट में ट्यूमर की पुष्टि हुई, जिसके लिए लेजर ऑपरेशन प्रस्तावित था. ऑपरेशन से पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत एनेस्थीसिया दी गई, लेकिन इसी दौरान मरीज के ब्लड प्रेशर में अचानक उतार-चढ़ाव शुरू हो गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया. उन्होंने दावा किया कि सदर अस्पताल ले जाते समय रेयान की सांसें सामान्य थीं और परिजन भी इससे अवगत थे. यहां तक कि रास्ते में परिजनों ने उससे बातचीत भी की. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के लगभग सात घंटे बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ बद्र ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बायोप्सी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति निजी द्वेष के कारण उन्हें निशाना बना रहे हैं. उक्त व्यक्ति चाहता था कि नर्सिंग होम के मरीज उसकी मेडिकल दुकान से दवा खरीदें, लेकिन ऐसा न होने पर वह विवाद खड़ा कर रहा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में आइएमए के पूर्व सचिव डॉ मृत्युंजय सिंह, डॉ अजय प्रसाद और डॉ अभिषेक मुंडू भी उपस्थित थे.













