जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर में संचालित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शैक्षणिक सत्र 2025–2026 के लिए 75वां लैम्प लाइटिंग समारोह आयोजित किया गया. यह नर्सिंग शिक्षा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. यह कार्यक्रम कॉलेज ऑफ नर्सिंग ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि रूचि नरेंद्रन और विशिष्ट अतिथि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदरा रामम सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई, जो नर्सिंग छात्रों की व्यावसायिक दक्षता और निस्वार्थ सेवा की दिशा में उनकी यात्रा का प्रतीक है. टाटा स्टील की जनरल मैनेजर, मेडिकल सर्विसेज, डॉ. विनिता सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों की प्रतिबद्धता की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)

लैम्प लाइटिंग समारोह हमेशा आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटेंगल को सम्मान देने की एक परंपरा रहा है. यह ज्ञान और करुणा की उस रोशनी का प्रतीक है, जिसे नर्सिंग पेशेवर दुनिया भर में फैलाते हैं. यह एक नर्स की उस यात्रा की शुरुआत को दर्शाता है, जिसमें वह उपचार, सेवा और समाज के कल्याण में अपना योगदान देती है. इसके बाद सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियों की एक श्रृंखला आयोजित की गई. इस दौरान प्रमुख आकर्षणों में प्राचार्या उपमा डे द्वारा कॉलेज रिपोर्ट पर प्रस्तुति तथा कॉलेज मैगजीन का विमोचन शामिल रहा. यह लैम्प लाइटिंग समारोह निरंतर भावी नर्सों को अपने पेशेवर जीवन में ज्ञान, देखभाल और करुणा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता रहता है.



