रामगोपाल जेना,चाईबासा: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है. यह परीक्षा 19 अप्रैल रविवार को जिले के कुल 27 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित होगी, जिसमें कुल 11,023 परीक्षार्थी शामिल होंगे. चाईबासा में 18 एवं चक्रधरपुर में 09 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं.(नीचे भी पढ़े)

उपायुक्त चंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कदाचार रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी. परीक्षा सामग्री की सुरक्षित प्राप्ति, भंडारण एवं वितरण की भी समुचित व्यवस्था की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उपायुक्त ने यह भी कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं. साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें.(नीचे भी पढ़े)

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी. महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी. बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर मेटल डिटेक्टर एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था की गई है. परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी. किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.ब्रीफिंग के दौरान अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सेवाओं के लिए 112 डायल करें.













