जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत की ओर अग्रसर होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है. श्री मुंडा ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की यह ऐतिहासिक जीत मात्र एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की अटूट भावना का जीवंत प्रतीक है. वर्ष 2021 के चुनावों के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस अदम्य साहस, धैर्य और प्रतिबद्धता के साथ हर चुनौती का सामना किया, वही आज इस परिवर्तन की मजबूत नींव बनकर सामने आया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह की सशक्त रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अथक परिश्रम ने इस जन आंदोलन को नई दिशा प्रदान की.(नीचे भी पढ़े)
इस अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता ने गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाया, जो इस सफलता का मूल आधार बना. श्री मुंडा ने कहा कि पश्चिम बंगाल, जो सदैव बलिदान, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भूमि रही है, जहां असंख्य वीरों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, आज फिर उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एक नए युग की ओर अग्रसर है. यह विजय उन सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं और समर्पित समर्थकों को समर्पित है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्र को सर्वोपरि रखा और कभी हार नहीं मानी. साथ ही, असम और पुडुचेरी की जनता द्वारा भारतीय जनता पार्टी को पुनः जनादेश देना लोकतंत्र में विश्वास और विकास की राजनीति पर मुहर है. वहां के सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों को इस ऐतिहासिक विश्वास के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. यह जीत केवल एक परिणाम नहीं, बल्कि एक संकल्प है, एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का.







