जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के रोड नंबर 5 खड़िया बस्ती से एक नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गयी है. प्राथमिकी में बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया निवासी बबलु शर्मा को आरोपी बनाया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी का वादी के गांव से भी पूर्व परिचय है और उसका पीड़िता के घर में आना-जाना था. इसी नजदीकी का फायदा उठाकर उसने नाबालिग को अपने झांसे में लिया और उसे बहला-फुसलाकर 10 जुलाई को अपने साथ ले गया. परिजनों ने बताया कि 10 जुलाई को जब लड़की घर से निकली थी तो उन्होंने यह नहीं सोचा था कि वह लौटकर नहीं आएगी. (नीचे भी पढ़ें)
जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने आसपास उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. थक-हारकर उन्होंने 11 जुलाई को उलीडीह थाने में जाकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई. उलीडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद त्वरित कार्रवाई शुरू की है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी तलाश की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लड़की को कहां और किस परिस्थिति में रखा गया है. पुलिस ने आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही खड़िया बस्ती में आरोपी के संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.



