चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड में लगातार विगत दिनों से हो रही बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है. बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में जलजमाव और क्षतिग्रस्त मकानों की खबरें सामने आ रही है. सबसे अधिक परेशानी कच्चे मकान में रह रहे गरीब परिवार को झेलनी पड़ रही है. शनिवार को प्रखंड के कालियाम पंचायत के गोदराशोल गांव में बारिश की वजह से 6 कच्चे मकान ध्वस्त हो गए. जिन परिवारों के घर गिरे हैं उनमें वार्ड पार्षद प्रवीण नायक, लक्ष्मी नायक, प्रफुल्ल नायक, दीपक नायक, बिंदा नायक और गुणाधार नायक शामिल है. वार्ड पार्षद ने बताया कि मकान के साथ घरों में रखे सामान अनाज, बर्तन, बिछावन यहां तक की साइकिल और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. उन्होंने प्रशासन से आपदा राहत सहायता जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है.(नीचे भी पढ़े)
जलजमाव से आवागमन प्रभावित, डायवर्सन में भरा पानी : गुरुवार से शुरू हुई बारिश अब तक थमी नहीं है पूरा अनुमंडल क्षेत्र बारिश की चपेट में है. कालियाम पंचायत के धाधिका क्षेत्र में निर्माणाधीन डायवर्सन में भारी जल जमाव हो गया है, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना पूरी तरह से प्रभावित हो गया है. पंचायत के मुखिया दशो हेम्ब्रम ने बताया कि बारिश के कारण डायवर्सन में पानी भर गया है जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. वही खेती करने वाले किसान भी संकट में है क्योंकि खेतों में पानी भर चुका है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है. जलजमाव होने से किसान भी अपनी फसलों को लेकर काफी चिंतित हैं.



