जमशेदपुर: सोने की लगातार बढ़ती कीमतों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान के बाद देशभर के सर्राफा बाजारों में सुस्ती देखने को मिल रही है. इसका असर अब जमशेदपुर के बिष्टुपुर सर्राफा बाजार में भी साफ नजर आने लगा है. बाजार में ग्राहकों की संख्या कम हो गयी है और व्यापारी बिक्री में गिरावट की बात कह रहे हैं. अरविंद वाडीलाल ज्वेलर्स के संचालक धर्मेश वाडीलाल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा सोने की खरीद कम करने की अपील के बाद ग्राहक पहले की तुलना में अधिक सतर्क हो गए हैं. उन्होंने कहा कि बाजार में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गयी है. अब अधिकांश लोग नया सोना खरीदने के बजाय पुराने गहने देकर नए आभूषण बनवा रहे हैं, जिससे नई बिक्री प्रभावित हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं श्री श्याम ज्वैलर्स से जुड़े आशीष ने बताया कि ग्राहकों के बीच असमंजस और पैनिक जैसी स्थिति बनी हुई है. लोग यह तय नहीं कर पा रहे कि मौजूदा समय में सोना खरीदना सही रहेगा या नहीं. उन्होंने कहा कि इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के कारण सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गयी है. सर्राफा कारोबारी जयंत ने कहा कि सबसे ज्यादा असर शादी वाले परिवारों पर पड़ा है. भारतीय परंपरा में शादी और सोने का गहरा संबंध है, लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण लोग अब सीमित खरीदारी कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जहां पहले परिवार 80 से 100 ग्राम तक सोना खरीद लेते थे, वहीं अब कई लोग केवल 10 ग्राम तक ही सीमित रह गए हैं. व्यापारी अभिषेक ने बताया कि एक्साइज ड्यूटी बढ़ने के बाद बिक्री में करीब 50 प्रतिशत तक गिरावट आई है. हालांकि कारोबारियों का मानना है कि प्रधानमंत्री का बयान देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार को ध्यान में रखकर दिया गया होगा. फिलहाल सर्राफा बाजार में सुस्ती का माहौल बना हुआ है और व्यापारियों को बाजार में फिर से रौनक लौटने का इंतजार है.







