जमशेदपुर: जमशेदपुर के खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण में अनियमितता के विरोध में भाजपा परसुडीह मंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं एवं अधूरे कार्य के कारण जनता को हो रही भारी परेशानियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया. ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही खासमहाल–गोविंदपुर सड़क लंबे समय से अधूरी एवं जर्जर स्थिति में पड़ी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य करने वाला संवेदक (ठेकेदार) कार्यस्थल से गायब है, जिसके कारण सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो चुका है. भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़े)
जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ एवं धूल से आवागमन प्रभावित हो रहा है. ऑटो एवं एम्बुलेंस चालक भी इस मार्ग पर आने से बच रहे हैं, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों एवं दैनिक यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि स्थानीय जनता द्वारा कई बार संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. प्रशासनिक उदासीनता के कारण आक्रोशित ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. भाजपा परसुडीह मंडल ने उपायुक्त से मांग की कि खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. निर्माण कार्य में संभावित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए. संबंधित संवेदक की जवाबदेही तय कर शीघ्र सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए. जनता की सुविधा हेतु तत्काल मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. आम जनता को हो रही समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु प्रशासन प्रभावी कदम उठाए. (नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के बाद पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि खासमहाल गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य एक सप्ताह के अंदर प्रारंभ नहीं किया गया तो भाजपा परसुडीह मंडल स्थानीय निवासियों के साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी. इस अवसर पर भाजपा परसुडीह मंडल के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की.इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा, राम सिंह मुंडा, कुसुम पूर्ति, प्रकाश शांडिल, रुद्रों मुंडा, दीपू शर्मा, विनोद कुमार सिंह ,अभय चौबे, कन्हैया पांडे, गिरजा दुबे, सुभाष स्वर्णकार, राजकुमार, विजय विश्वकर्मा, अजय कुमार सिंह , संजीव ठाकुर, दीपक वर्णवाल, तपन कुमार, बबलू श्रीवास्तव, अंबेश उपाध्याय, पीके कारवा, दीपक कारवा, रायमुनी बोदरा, धन सिंह मुंडा,अशोक सिंहा ,प्रीतम सिंह, अजय सिंह आदि शामिल हुए.







