जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को साकची बाजार हण्डी लाइन स्थित मनोहर चाट दुकान के सामने में फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया. यह कार्यक्रम सिने अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के प्रशंसक एवं समाजसेवी पप्पू सरदार द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें आम, अमरूद, नींबू, संतरा और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 400 पेड़-पौधे आम लोगों के बीच बांटे गए. (नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर पप्पू सरदार ने बताया कि उन्होंने इस अभियान को “एक पेड़ मां-बहन के नाम” थीम के साथ आयोजित किया है. उन्होंने कहा कि गुरुवार, 4 जून को अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की नई हंगामेदार क्राइम-कॉमेडी फिल्म ‘मां बहन’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है. इसी से प्रेरित होकर उन्होंने लोगों से अपनी मां और बहनों के सम्मान में एक-एक पौधा लगाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी प्रदान करते हैं. (नीचे भी पढ़े)
पप्पू सरदार ने भविष्य में भी ऐसे जनहित और पर्यावरण हितैषी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही. कार्यक्रम की जानकारी एक दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पौधे लेने के लिए पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की इस पहल की सराहना की और अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.







