जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मानगो थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों में मो शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो अयान और मो नसीम अख्तर शामिल हैं. वहीं नयाब मुस्तफा और सरफराज अली फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं. सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और आजादनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं. जानकारी के अनुसार मानगो थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी. इसी दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं. पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद बाइक (जेएच05एजे-4340) के दस्तावेज मांगे. आरोपी वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. (नीचे भी पढ़ें)
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है. इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की. प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर खरीदने और बेचने का काम करता था. पुलिस के अनुसार आरोपी फॉरेस्ट मैदान क्षेत्र में चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ही पहुंचे थे.
मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइक कहां से चोरी की गई थी तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है. पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान वाहन चोरी के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है. फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.







