आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन ग्रीन अर्थ” शीर्षक से एक भव्य पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पर्यावरण विषयक संगोष्ठी रही, जिसमें ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, कार्बन उत्सर्जन, समुद्री प्रदूषण, वनों की कटाई, वायु प्रदूषण, ध्रुवीय हिमखंडों का पिघलना तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका जैसे समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली एवं शोधपरक विचार प्रस्तुत किए गए. विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से यह संदेश दिया कि पृथ्वी की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोहा. कक्षा VIII के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा VI, VII, IX एवं XI के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास का सशक्त संदेश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय के प्रबंधक एवं चिकित्सा सलाहकार डॉ प्रदीप सिंह ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का आह्वान किया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी शिक्षकों, समन्वयकों, कार्यालय कर्मियों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार जताया. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामाशंकर सिंह सहित उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की ज्ञानवर्धक संगोष्ठी, प्रस्तुतियों एवं उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुक्तकंठ से सराहना की. उन्होंने विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने हेतु शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की भी प्रशंसा की. वरीय शिक्षक शिवशंकर डे के धन्यवाद ज्ञापन एवं सभी के पर्यावरण संरक्षण के शपथ ग्रहण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.





