जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कल्याणनगर निवासी संगीत कुमारी नामक युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी विशाल कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपी विशाल कुमार भी कल्याणनगर का ही निवासी बताया जा रहा है. शुक्रवार 26 जून को घटी उक्त घटना के संबंध में युवती के परिजनों की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि विशाल कुमार द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले संगीत कुमारी अपने प्रेमी विशाल कुमार को लगातार फोन कर रही थी, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद उसने न तो फोन उठाया और न ही उससे बात की. इससे युवती मानसिक तनाव में आ गई और उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी विशाल कुमार की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. आत्महत्या के कारणों के बारे में पुलिस जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंच पाएगी. फिलहाल परिजनों के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.





