जादूगोड़ा : घाटशिला जन जाति सुरक्षा मंच ने आदिवासियों के धर्मांतरण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. घाटशिला एकल विधालय (मऊ भंडार) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस में भाजपा एसटी मोर्च की नेत्री देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पारंपरिक जनजातीय आस्था, संस्कृति, रीति-रिवाज, केंद्र व सामाजिक आचारों का परित्याग कर दिया है, उसे अनुसूचित जनजाति का दर्जा व उससे जुड़े तमाम लाभ या सुविधा रद्द करने की मांग केंद्र व राज्य सरकारों से की गई है. उन्होंने ऐसा नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है. (नीचे भी पढ़ें)
हल्दीपोखर की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि आस्था का त्याग संस्कृति का त्याग है व संस्कृति का त्याग पहचान का त्याग है. उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को अनुसूचित जनजाति का सदस्य नहीं माना जाएगा. इसको लेकर गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को अवगत कराया जाएगा. संवाददाता सम्मेलन को जिला संयोजक भक्तु मार्डी, सह संयोजक सुरा बिरुली, देवी कुमारी भूमिज, सुनील हेंब्रम व घनश्याम रजवार ने भी संबोधित किया. उन्होंने इस मामले को अनुशंसा के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को भेजने का आग्रह किया ताकि मामले को न्यायिक कार्यवाही की मजबूरी से मुक्ति मिल सके.







