जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डीडी बार के समीप हुई हत्या की घटना में मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों ने गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के एडीजी से मुलाकात की. उन्होंने कोल्हान के डीआइजी तथा एसएसपी की मौजूदगी में हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग उठायी. वहीं पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की गयी है. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में फरार सभी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) पुलिस कांड के उद्भेदन और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ लगातार कार्रवाई कर रही है. वहीं, मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों ने भी जमशेदपुर पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया और मामले के पूर्ण उद्भेदन में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया.







