जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, उत्साह एवं ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कुलपति डॉ इला कुमार ने बिष्टुपुर एवं सिदगोड़ा कैम्पस में झंडोतोलन किया. एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ बीएड, बीपीएड विभाग की छात्राओं एवं एवरग्रीन के सभी कर्मचारियों ने अनुशासित परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ इला कुमार ने कहा कि “विकसित भारत केवल आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्रगति से निर्मित नहीं होगा, बल्कि भारत की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति, ज्ञान-परंपरा, संस्कार और जीवन-मूल्यों को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टि एवं तकनीकी नवाचार के साथ समन्वित करके ही हम विकसित भारत की परिकल्पना साकार कर सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के भविष्य का निर्माता बताते हुए अपनी प्रतिभा, ज्ञान और ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में समर्पित करने का आह्वान किया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तीकरण के साथ नई शैक्षणिक ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है. जेडब्ल्यूयू झारखंड का प्रथम महिला विश्वविद्यालय है, जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करते हुए चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के प्रथम बैच की शैक्षणिक यात्रा को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है. विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह 8 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है. उन्होंने विश्वविद्यालय में एमए इन मास कम्युनिकेशन, एआइ, डिजिटल मार्केटिंग एवं जीएसटी से संबंधित प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों, शोध एवं प्रकाशन तथा विभिन्न नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ज्ञान, कौशल, तकनीक और संस्कारों के समन्वय से छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur accident : टाटा पटमदा सड़क पर हादसा, महिला समेत बाइक सवार घायल
इस अवसर पर बिस्टुपुर परिसर को ड्रग-फ्री कैंपस घोषित किया गया. डीएसडब्ल्यू डॉ किश्वर आरा ने नशा-विरोधी शपथ दिलाई तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ डी पुष्पलता ने बायोटॉक्सा ड्रग एनालाइजर मशीन का प्रदर्शन किया. एनएसएस एवं एनसीसी की सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी गतिविधियों की भी सराहना की गई. खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय उपलब्धियों तथा छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन का भी उल्लेख किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह का समापन इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ, जिसमें छात्राओं ने नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता और भारत की अदम्य शक्ति का संदेश दिया. समारोह इस संकल्प के साथ संपन्न हुआ कि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की बेटियाँ ज्ञान, संस्कार, तकनीक और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी और विकसित भारत के निर्माण में अपनी निर्णायक भूमिका निभाएंगी. सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुधा दीप के निर्देशन में बीएड की छात्राओं द्वारा जलियांवाला बाग हत्याकांड और शहीद उधम सिंह की प्रतिज्ञा की नाट्य प्रस्तुति की गई. इस अवसर पर डॉ किश्वर आरा, डॉ रमा सुब्रह्मण्यन, डॉ दीपा शरण, डॉ अन्नपूर्णा झा, डॉ सुधीर साहू, राजेन्द्र जायसवाल, डॉ सनातन दीप, डॉ ग्लोरिया पुर्ती, डॉ रत्ना मित्रा, डॉ रिजवाना परवीन, डॉ कामिनी, डॉ अमृता, डॉ सोनाली सिंह, डॉ रूपाली पात्रा आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहे.


















